भोपाल
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने युवाओं के हित और उन्हें लाभ पहुंचाने के लिए 30 जनवरी 2012 को युवा आयोग का गठन किया था। लेकिन 12 साल से आज तक इस आयोग ने एक भी सिफारिश विभाग को नहीं सौंपी है। विधानसभा में जबलपुर से भाजपा विधायक अभिलाष पांडे के सवाल के लिखित जवाब में खेल एवं युवा मंत्री विश्वास सारंग ने ये जानकारी दी।
मंत्री ने माना अनियमितताएं हुई हैं
प्रश्नकाल के दौरान विधायक सीतासरन शर्मा ने महाराजा प्राथमिक उपभोक्ता भंडार समिति इटारसी में फर्जी सदस्य बनाकर संचालन मंडल बनाने के संबंध में सवाल किया था। इसके जवाब में सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने माना कि इस मामले में अनियमितताएं हुई हैं और संचालक मंडल को भंग कर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। और वहां पर प्रशासक को बैठा दिया गया है और दस्तावेज पुलिस के पास हैं। मंत्री ने कहा कि विभाग की ओर से एक महीने में जांच कर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
असिस्टेंट प्रोफेसर और ग्रंथपाल के 2053 पद जल्द भरे जाएंगे
विधानसभा में प्रश्नोत्तर काल में विधायक राजन मंडलोई ने उच्च शिक्षा विभाग में खाली पदों के संबंध में प्रश्न पूछा जिसके जवाब में उच्च शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार ने बताया कि प्रदेश के सभी सरकारी कॉलेजों में रिक्त पदों के लिए एमपीपीएससी द्वारा असिस्टेंट प्रोफेसर के 1669, ग्रंथपाल के 255 पदों और क्रीड़ा अधिकारियों के 129 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जा चुका है। रिक्त पदों की पूर्ति जल्द की जाएगी, लेकिन फिलहाल समय सीमा बताई जाना संभव नहीं है।
अनुपूरक बजट आज
वित्तीय वर्ष की समाप्ति में अभी पौने दो महीने का समय शेष है। इस अवधि के खर्चो के प्रबंध के लिए राज्य सरकार द्वितीय अनुपूरक बजट ला रही है। इस अनुपूरक बजट के जरिए राज्य की विभिन्न योजनाओं के निरंतर संचालन के लिए राशि का प्रबंध किया जाएगा। आज विधानसभा अध्यक्ष सदन के भीतर राष्टÑपति की अनुमति प्राप्त विधेयकों की सूचना भी देंगे। जिन पर सत्र के दौरान चर्चा कराई जाएगी। इसी सत्र में एक लाख चार करोड़ से अधिक का लेखानुदान भी आना है। इसके अलावा मध्यप्रदेश माल एवं सेवा कर संशोधन अध्यादेश भी आज ही तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री गौतम टेटवाल सदन में पटल पर रखेंगे।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू