November 24, 2026

इंदौर-अहमदाबाद रोड पर यात्री बस पलटी, डायल-112 ने 8 घायलों को पहुंचाया अस्पताल

उज्जैन से मोरबी जा रही बस में सवार थे करीब 45 यात्री; अमझेरा थाना क्षेत्र में भेरू चौकी के पास हुआ हादसा

भोपाल: 24 नवंबर 2026

मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा ने एक बार फिर सड़क दुर्घटना में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य करते हुए आठ घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया। धार जिले के अमझेरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 5 बजे इंदौर-अहमदाबाद रोड पर भेरू चौकी के पास उज्जैन से मोरबी जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 45 यात्री सवार थे, जिनमें से आठ घायल हो गए।

दुर्घटना की सूचना डायल-112 पर मिलते ही अमझेरा थाने की दो फर्स्ट रिस्पॉन्स व्हीकल (FRV) तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंची पुलिस टीमों ने बिना देरी किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी आठ घायलों को FRV वाहनों की मदद से उपचार के लिए शासकीय अस्पताल, सरदारपुर पहुंचाया। पुलिस ने घायलों के परिजनों को भी घटना की सूचना दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी घायलों की स्थिति सुरक्षित है और अस्पताल में उनका उपचार जारी है।

रेस्क्यू अभियान में पहली FRV टीम के आरक्षक रामनरेश यादव और पायलट नरेंद्र सिंह पटेल सहित दूसरी FRV की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा आपात परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के साथ सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने और उनकी जान बचाने के प्रयासों में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है।

You may have missed