पीएमश्री एयर एंबुलेंस से चार वर्षीय बालिका को एम्स भोपाल किया गया एयरलिफ्ट

भोपाल: 10 फरवरी 2025

बालाघाट जिले के लालबर्रा निवासी चार वर्षीय बालिका को गंभीर स्थिति में पीएम श्री एयर एंबुलेंस की मदद से भोपाल एम्स लाया गया। बालिका सेरेब्रल पाल्सी और न्यूमोनिया से ग्रसित थी और स्थानीय अस्पताल में इलाज के बावजूद उसकी हालत बिगड़ती जा रही थी। चिकित्सकों की सलाह पर जिला प्रशासन के सहयोग से उसे उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाओं के लिए भोपाल एम्स भेजा गया। एम्स भोपाल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू की और अब बच्ची की हालत स्थिर है।

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने कहा, “एम्स भोपाल हमेशा समाज के प्रत्येक वर्ग को विश्वस्तरीय चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए तत्पर है। पीएम श्री एयर एंबुलेंस जैसी सेवाएं गंभीर मरीजों को जीवन रक्षक उपचार समय पर उपलब्ध कराने में सहायक हैं।” यह एम्स भोपाल के प्रति लोगों के भरोसे को और मजबूत करता है, क्योंकि यहां की चिकित्सा सेवाएं अब अधिक लोगों तक पहुंच रही हैं। बालिका के पिता ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और एम्स प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि पीएम श्री केयर एयर एंबुलेंस योजना के तहत मेरी बेटी को समय पर उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा मिल सकी।