परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में एम्स भोपाल के छात्रों ने सीखा सफलता का मंत्र

भोपाल: 12 फरवरी 2025

एम्स भोपाल के एमबीबीएस और बीएससी नर्सिंग के छात्रों ने ‘परीक्षा पे चर्चा 2025’ कार्यक्रम में ऑनलाइन भाग लिया। यह विशेष आयोजन एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया था। भारत के माननीय प्रधान मंत्री ने नई दिल्ली से ‘परीक्षा पे चर्चा 2025’ के इस संस्करण में देशभर के छात्रों से संवाद किया। एम्स भोपाल के छात्रों ने इस सत्र को अत्यंत उत्साह और रुचि के साथ देखा तथा अपनी भागीदारी को फीडबैक के माध्यम से दर्शाया। इस सत्र के दौरान, छात्रों को समय प्रबंधन, स्वप्रेरणा, नेतृत्व कौशल, ध्यान, संतुलित आहार, उचित शयन और परीक्षा की कठिन परिस्थितियों से निपटने के प्रभावी उपायों की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। माननीय प्रधान मंत्री की प्रेरक बातचीत ने छात्रों को आत्मविश्वास बढ़ाने और परीक्षा संबंधी तनाव को दूर करने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम की उपयोगिता को रेखांकित करते हुए कार्यपालक निदेशक प्रो. सिंह ने कहा, “प्रधान मंत्री द्वारा आयोजित परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और परीक्षा तनाव को कम करने के लिए अत्यंत आवश्यक पहल है। एम्स भोपाल के छात्र इस संवाद से न केवल प्रेरित हुए, बल्कि उन्होंने परीक्षा से जुड़ी चुनौतियों का सामना करने के लिए बहुमूल्य मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।”