भोपाल: 27 अप्रैल 2025
एम्स भोपाल ने कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के नेतृत्व में 21 से 25 अप्रैल 2025 तक नेशनल इमरजेंसी लाइफ सपोर्ट (NELS) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य मध्यप्रदेश में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाना था। पाँच दिवसीय यह “ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स फॉर डॉक्टर्स” कार्यक्रम ट्रॉमा एवं इमरजेंसी मेडिसिन विभाग द्वारा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ), भारत सरकार के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य फोकस चिकित्सा विशेषज्ञों की आपातकालीन देखभाल क्षमताओं को सशक्त करना और प्रशिक्षकों की एक दक्ष टीम तैयार करना रहा, जो संकट की घड़ी में जीवनरक्षक तकनीकों को प्रभावी ढंग से लागू कर सके। इस प्रशिक्षण में मध्यप्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों से आए 24 चिकित्सकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. मोहम्मद यूनुस, विभागाध्यक्ष ट्रॉमा एवं इमरजेंसी मेडिसिन एवं नोडल अधिकारी रहे। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा डॉ. पारुल मुलिक को कार्यक्रम का प्रेक्षक नामित किया गया था, जबकि डॉ. अजय कुमार ने बाह्य प्रशिक्षक के रूप में प्रतिभागियों के व्यावहारिक कौशल संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने कहा, “एम्स भोपाल स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। एनईएलएस (NELS) जैसी पहल हमारे चिकित्सा विशेषज्ञों को आपातकालीन परिस्थितियों में दक्षता के साथ कार्य करने के लिए आवश्यक कौशल प्रदान कर रही है, जिससे राज्य में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को एक नई मजबूती मिल रही है।”

More Stories
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू
अशोकनगर बायपास परियोजना में करोड़ों के भूमि घोटाले की आशंका! एलायमेंट बदलने, गरीबों की पट्टे की जमीनों की बिक्री और भूमाफियाओं की कथित खरीद-फरोख्त पर उठे गंभीर सवाल
167वें आयकर दिवस पर राष्ट्र निर्माण में करदाताओं की भूमिका का संदेश, उत्कृष्ट खिलाड़ियों और विद्यार्थियों का हुआ सम्मान