February 11, 2026

एम्स भोपाल में “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” का शुभारंभ – महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवार की मजबूती की ओर एक पहल

भोपाल: 17 सितंबर 2025

एम्स भोपाल में “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” का आयोजन 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक किया जा रहा है। यह दो सप्ताह का अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवार सशक्तिकरण को समर्पित है, क्योंकि महिला का स्वास्थ्य ही मजबूत परिवार और स्वस्थ समाज की आधारशिला है। इस दौरान स्वास्थ्य जांच शिविर, परामर्श सत्र, जनजागरूकता कार्यक्रम तथा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक सहभागिता गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य निवारक स्वास्थ्य, समय पर पहचान और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है, जिससे सीधे तौर पर महिलाओं और उनके परिवारों को लाभ मिलेगा। अभियान का शुभारंभ एम्स भोपाल के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार महापात्रा के मार्गदर्शन तथा कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ प्रो. (डॉ.) माधवानंद कर की गरिमामय उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर उपनिदेशक श्री संदेश कुमार जैन और डीन (अकादमिक) प्रो. (डॉ.) रजनीश जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अभियान के नोडल अधिकारी प्रो. (डॉ.) विकास गुप्ता (चिकित्सा अधीक्षक) होंगे, जबकि कार्यक्रम संयोजक प्रो. (डॉ.) अरुण एम. कोकणे, प्रो. (डॉ.) अलकेश खुराना, प्रो. (डॉ.) रेखा लालवानी और डॉ. अनिंदो मजूमदार होंगे। जन-जन तक पहुँचने वाले इस अभियान के माध्यम से एम्स भोपाल यह संदेश दे रहा है कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और सशक्त राष्ट्र की नींव है।

You may have missed