भोपाल: 19 मार्च 2026
सार: हिंदू नववर्ष मेला महोत्सव का भव्य शुभारम्भ, आस्था और उत्साह का दिखा अद्भुत संगम, टीटी नगर स्थित दशहरा मेला मैदान में पहले दिन हजारों की संख्या में पहुंचे लोग, धार्मिक अनुष्ठानों का हिस्सा बने, खरीदारी के साथ मेले का उठाया भरपूर आनंद।
विस्तार : टीटी नगर स्थित दशहरा मेला मैदान में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के पावन अवसर पर गुरुवार को आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम दिखा। महानगर मेला उत्सव समिति, भोपाल के बैनर तले नववर्ष मेला महोत्सव का भव्य शुभारम्भ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजन-अनुष्ठान, शिवलिंग स्थापना और सुंदरकांड पाठ के साथ हुई। इस अवसर पर पूर्व सांसद रघुनंदन शर्मा, पंडित विष्णु राजौरिया (परशुराम कल्याण बोर्ड), भगवान दास सबनानी (विधायक, दक्षिण-पश्चिम, भोपाल), महानगर मेला उत्सव समिति, भोपाल के अध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, मेला संयोजक कैलाश मिश्रा, महासचिव अजय अग्रवाल, सह संयोजक वैभव सिंह सिसोदिया सहित आयोजन समिति के सभी गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। पूर्व सांसद रघुनंदन शर्मा ने इस मेले को ऐतिहासिक बताते हुए आयोजन समिति को इस भव्य आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
समिति के अध्यक्ष उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि यह मेला नववर्ष के स्वागत के साथ-साथ हमारी संस्कृति को समझने का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। वहीं, मेला संयोजक कैलाश मिश्रा ने इसे शिक्षा, संस्कृति, रोजगार एवं व्यापार का एक पारिवारिक संगम बताया। आयोजन समिति के अनुसार, यह मेला अध्यात्म, आस्था एवं मनोरंजन का अनूठा समागम प्रस्तुत करता है। श्रद्धालु मेले में शिवलिंग पर जल अर्पित कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति एवं आध्यात्मिक शांति की कामना कर सकते हैं।
मेले में मनोरंजन के लिए उपलब्ध कई साधन
मेले में मनोरंजन के लिए रेंजर, जायंट व्हील, डबल डिस्क जैसे आकर्षक झूले, जलपरी शो सहित अन्य मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के स्वादिष्ट व्यंजन एवं स्ट्रीट फूड के विशेष स्टॉल भी आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
नववर्ष मेला महोत्सव में सहभागी बनने की अपील
इस अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिससे पूरे मेला परिसर में उत्साह, उमंग और भक्ति का वातावरण बना रहा। महानगर मेला उत्सव समिति, भोपाल ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस नववर्ष मेला महोत्सव में सहभागी बनकर नव ऊर्जा, उमंग एवं हर्षोल्लास के साथ हिन्दू नववर्ष का स्वागत करें।

More Stories
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने आगामी भर्ती प्रक्रिया को और बेहतर बनाने हेतु उप पुलिस महानिरीक्षकों के साथ की समीक्षा बैठक
भारतीय रेल तेज, सुरक्षित और आधुनिक—आम आदमी की सवारी: रेल मंत्री
दिव्यांग बच्चों को परिवार से जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान की आवश्यकता – निर्मला भूरिया