पुलिस परिवार की 1100 से अधिक महिलाओं एवं बच्चियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग, 17 अक्टूबर को होगा समापन
भोपाल: 16 अक्टूबर 2026।
पुलिस परिवारजनों के मनोरंजन, उत्साह एवं आपसी सौहार्द को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय की कल्याण शाखा के सौजन्य से पुलिस लाइन, नेहरू नगर, भोपाल में मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया।पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर गरबा महोत्सव का शुभारंभ किया। 
इस अवसर पर सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर सक्सेना, सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी श्री जी.पी. सिंह, विशेष पुलिस महानिदेशक श्री अनिल कुमार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री चंचल शेखर, श्री सोलोमन यश कुमार मिंज, पुलिस आयुक्त श्री संजय कुमार सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। सभी ने पुलिस परिवारजनों के साथ गरबा महोत्सव में सहभागिता कर उत्सव का आनंद लिया।
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने पुलिस परिवारजनों को अभिभावक के रूप में नवरात्रि पर्व एवं दशहरे की शुभकामनाएं दी। उन्होंने पुलिस परिवार के सदस्यों के उत्साह और सहभागिता के बीच आयोजित इस आयोजन का आनंद लिया।
*पुलिस परिवार की 1100 से अधिक महिलाओं एवं बच्चियों ने दी गरबा प्रस्तुतियां*
गरबा महोत्सव में जिला पुलिस बल भोपाल, 7वीं वाहिनी, 23वीं वाहिनी एवं 25वीं वाहिनी की पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चियों सहित 1100 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने विभिन्न फिल्मी एवं धार्मिक धुनों पर पारंपरिक गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। पुलिस परिवारजनों के साथ बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
*पुलिस परिवार के कल्याण और खुशियों के लिए पांच वर्षों से निरंतर हो रहा आयोजन*
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव का आयोजन पुलिस मुख्यालय की कल्याण शाखा द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों की मंशानुसार विगत पांच वर्षों से निरंतर पुलिस लाइन, नेहरू नगर में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चियों को सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से मनोरंजन, उत्साह और सामूहिक सहभागिता का अवसर उपलब्ध कराना है। पुलिस बल के अधिकारी एवं कर्मचारी कानून-व्यवस्था तथा जनसेवा की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे आयोजन पुलिस परिवारों के बीच आत्मीयता, सामंजस्य और सकारात्मक वातावरण को प्रोत्साहित करते हैं। मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव का समापन 17 अक्टूबर 2026 को रात्रि 10 बजे किया जाएगा।

More Stories
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू
अशोकनगर बायपास परियोजना में करोड़ों के भूमि घोटाले की आशंका! एलायमेंट बदलने, गरीबों की पट्टे की जमीनों की बिक्री और भूमाफियाओं की कथित खरीद-फरोख्त पर उठे गंभीर सवाल