रेलवे फैमिली सेमिनार और नुक्कड़ नाटक का आयोजन*

भोपाल: 14 दिसंबर 2024

गुना रेलवे स्टेशन स्थित क्रू लॉबी में कर्षण परिचालन विभाग द्वारा लोको पायलट/सहायक लोको पायलट और उनके परिवारों के लिए एक विशेष फैमिली सेमिनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर “रेल हमारी प्यारी-प्यारी” नामक जागरूकता नुक्कड़ नाटक का भी प्रदर्शन किया गया। यह आयोजन रनिंग स्टाफ और उनके परिवारों को रेलवे सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर जागरूक करने और उनके कठिन एवं जिम्मेदार कार्य की अहमियत को रेखांकित करने के लिए किया गया।

फैमिली सेमिनार का उद्देश्य लोको पायलट के चुनौतीपूर्ण कार्यों को ध्यान में रखते हुए उनके परिवारों को जागरूक करना और उनकी समस्याओं को सुनना था। वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (कर्षण परिचालन) श्री सचिन आर शर्मा ने अपने वक्तव्य में बताया कि लोको पायलट की भूमिका रेल संचालन में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनकी कार्यक्षमता और जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के लिए उचित विश्राम का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है।

“रेल हमारी प्यारी-प्यारी” नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि फैमिली सेमिनार के बाद “रेल हमारी प्यारी-प्यारी” नामक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। यह नाटक भारत स्काउट एंड गाइड, पमरे भोपाल मंडल और मंडल सांस्कृतिक अकादमी भोपाल के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से रनिंग स्टाफ और यात्रियों को रेलवे सुरक्षा, शून्य SPAD (सिग्नल पासिंग एट डेंजर), कोहरे में सुरक्षित रेल संचालन, रेस्ट के महत्व, और रोल डाउन से बचाव जैसे विषयों पर जागरूक किया गया। नाटक ने रेलवे के संरक्षित संचालन में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (कर्षण परिचालन) श्री सचिन आर शर्मा, मुख्य लोको निरीक्षक मुख्यालय श्री विवेक डाबी, मुख्य लोको निरीक्षक गुना श्री डी. डी. टिकरिया, मुख्य लोको निरीक्षक रनिंग रूम गुना श्री अशोक अहिरवार, पमरे स्काउट गाइड भोपाल मंडल के जिला सचिव श्री सुनील पुरोहित, सांस्कृतिक अकादमी के टीम मैनेजर श्री विजय पुरवाल सहित बड़ी संख्या में लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

फैमिली सेमिनार और नुक्कड़ नाटक ने न केवल रनिंग स्टाफ और उनके परिवारों के लिए रेलवे सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि रेलवे की सुरक्षित और संरक्षित संचालन नीति में भी योगदान दिया।

You may have missed