भोपाल: 19 दिसंबर 2024
एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में 19 दिसंबर, 2024 को आयुष विभाग के तत्वावधान में 8वां सिद्ध दिवस मनाया गया। सिद्ध चिकित्सा पद्धति के जनक माने जाने वाले सिद्धार अगस्तियार की जयंती के रूप में हर साल सिद्ध दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष का थीम था “सिद्धा फार पब्लिक हेल्थ”, जिसका उद्देश्य सिद्ध चिकित्सा पद्धति के लाभों के बारे में लोगों को जागरूक करना था। प्रो. सिंह ने सिद्ध चिकित्सा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियाँ रोग प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने ग्रामीण और दूर-दराज क्षेत्रों में इस पद्धति के प्रचार-प्रसार के लिए और अधिक शिविर आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके साथ ही, उन्होंने आयुष पद्धतियों को आधुनिक चिकित्सा से जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
इस कार्यक्रम में डॉ. ऐश्वर्या ए. (मेडिकल अधिकारी, सिद्ध चिकित्सा) ने “सिद्ध चिकित्सा: समग्र स्वास्थ्य और कल्याण की दिशा में” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए और सिद्ध चिकित्सा के सिद्धांतों को उपस्थित लोगों के समक्ष रखा। डॉ. मुद्धा सोफिया (मेडिकल अधिकारी, योग और प्राकृतिक चिकित्सा) ने थिरूमूलर प्राणायाम का लाइव सत्र आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान भोपल तमिल संगम द्वारा पारंपरिक तमिल सांस्कृतिक नृत्य का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उपनिदेशक (प्रशासन) कर्नल अजीत कुमार, डीन (शैक्षणिक) डॉ. रजनीश जोशी, डॉ. दानिश जावेद, डॉ. रंजना पांडे, डॉ. आशीष दीक्षित, डॉ. बरकती मोहम्मद तारीक और अन्य लोग उपस्थित रहे।

More Stories
(लीड) समाज के रक्त में लोकतंत्र है, उसे दबाने की कोशिश करने वाला मिट्टी में मिल जाएगाः भैयाजी जोशी
सारंगपुर विधानसभा को मिली विकास की सौगात, 135.42 करोड़ों की लागत से होंगे निर्माण कार्य
सोम डिस्टलरीज का लायसेंस रद्द अवैध शराब नेटवर्क को लेकर मप्र सरकार की बड़ी कार्यवाही