एम्स भोपाल की टीम ‘डॉक्टर प्रीमियर लीग बैडमिंटन टूर्नामेंट’ में विजेता 

भोपाल: 25 जनवरी 2025

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह संकाय सदस्यों और छात्रों के बीच अकादमिक उत्कृष्टता और ज्ञान-साझाकरण की संस्कृति को सदैव बढ़ावा देते रहते हैं। प्रो. सिंह से प्रेरित होकर संकाय सदस्य विभन्न क्षेत्रों में असाधारण प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में, एम्स भोपाल की टीम ने जयपुर में आयोजित ‘डॉक्टर प्रीमियर लीग बैडमिंटन टूर्नामेंट’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही, एम्स भोपाल के बर्न्स और प्लास्टिक सर्जरी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. अभिनव सिंह ने ‘इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का अवार्ड जीता।

इस सम्मान का वितरण अलवर के पूर्व विधायक और पूर्व सांसद डॉ. करण सिंह यादव तथा डीग-कुम्हेर के विधायक डॉ. शैलेश दिगंबर सिंह के द्वारा किया गया। इस टूर्नामेंट में भारत के विभिन्न राज्यों से 354 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया और यह आयोजन चिकित्सा और सामाजिक कल्याण की दिशा में एक अहम कदम साबित हुआ। इस टूर्नामेंट को मेडिकल एंड सोशल वेलफेयर सोसाइटी, राजस्थान द्वारा आयोजित किया गया था।

इस उपलब्धि पर प्रो. सिंह ने कहा, “इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं चिकित्सकों के बीच शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आपसी भाईचारे को प्रोत्साहित करने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करती हैं। ऐसे प्रतियोगिता स्वास्थ्य पेशेवरों को उनके तनावपूर्ण कार्यों के बीच व्यक्तिगत कल्याण और मानसिक शांति को बढ़ावा देने में सहायक होती है, जो उनके समग्र स्वास्थ्य और कार्यक्षमता को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।”