नई दिल्ली
मौसम विभाग ने शीतलहर की चेतावनी जारी करते हुए कहा कि अगले दो दिन तक दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) क्षेत्र में ‘घना से बहुत घना कोहरा’ रहने का अनुमान है. शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी का अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री कम है.
घने कोहरे के कारण शहर में परिवहन सेवाएं प्रभावित हुईं. दिल्ली आने वाली 11 ट्रेनें कोहरे के कारण देरी से चलीं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि सुबह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) पर कोहरे की स्थिति में शुक्रवार को सुधार हुआ तथा घने कोहरे में सबसे कम दृश्यता 150 मीटर रही.
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है. आईएमडी ने कहा कि 30 और 31 दिसंबर को दिल्ली के कुछ कई हिस्सों में शीत लहर की स्थिति होने की आशंका है.
आईएमडी ने कहा कि शहर में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 95 प्रतिशत दर्ज की गई. पिछले 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम चार बजे 382 दर्ज किया गया जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है. शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान के क्रमश: 19 और 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘‘अच्छा’’, 51 से 100 के बीच ‘‘संतोषजनक’’, 101 से 200 के बीच ‘‘मध्यम’’, 201 से 300 के बीच ‘‘खराब’’, 301 से 400 के बीच ‘‘बेहद खराब’’ और 401 से 500 के बीच ‘‘गंभीर’’ माना जाता है.

More Stories
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू
अशोकनगर बायपास परियोजना में करोड़ों के भूमि घोटाले की आशंका! एलायमेंट बदलने, गरीबों की पट्टे की जमीनों की बिक्री और भूमाफियाओं की कथित खरीद-फरोख्त पर उठे गंभीर सवाल