भोपाल
मध्य प्रदेश में कांग्रेस लोकसभा चुनाव की तैयारी चार जनवरी के बाद और तेज करेगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे चार जनवरी को प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद चुनाव अभियान सहित अन्य समितियां गठित की जाएंगी।
नए अध्यक्ष ने शुरू की तैयारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद जीतू पटवारी ने लोकसभा चुनाव की तैयारी प्रारंभ कर दी हैं। जिला व शहर इकाई के अध्यक्ष, अनुषांगिक संगठनों के साथ मोर्चा-प्रकोष्ठ के प्रदेश और जिला पदाधिकारियों के साथ वह बैठक कर चुके हैं और जल्द ही प्रदेशव्यापी दौरा प्रारंभ करने वाले हैं।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर फोकस
पार्टी का फोकस मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर है। इसके लिए पिछले चार विधानसभा चुनाव में मिले मतों के आधार पर कमजोर मतदान केंद्रों को चिह्नित करके जिला और ब्लाक इकाइयों द्वारा मतदाता संपर्क कार्यक्रम चलाया जाएगा।
छह जनवरी से प्रारंभ होने वाले मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए आवेदन करवाए जाएंगे। विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस ने मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर शिकायतें की थीं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में होने वाली बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर जो मार्गदर्शन मिलेगा, उसके आधार पर आगामी तैयारियां की जाएंगी।
जनवरी में बनेगी प्रदेश कार्यकारिणी
प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन के बाद प्रदेश कार्यकारिणी भंग कर दी गई है। मार्च में लोकसभा चुनाव की घोषणा संभावित है। इसे देखते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी जनवरी में ही अपनी टीम बनाएंगे। सभी वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श करने के बाद वे प्रदेश कार्यकारिणी बनाएंगे। इसके लिए प्रस्ताव केंद्रीय संगठन को भेजा जाएगा। पटवारी ने इसकी तैयारियां प्रारंभ कर दी है। दिल्ली में चार जनवरी को वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक के बाद वे इस संबंध में मार्गदर्शन लेंगे।

More Stories
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू
अशोकनगर बायपास परियोजना में करोड़ों के भूमि घोटाले की आशंका! एलायमेंट बदलने, गरीबों की पट्टे की जमीनों की बिक्री और भूमाफियाओं की कथित खरीद-फरोख्त पर उठे गंभीर सवाल
167वें आयकर दिवस पर राष्ट्र निर्माण में करदाताओं की भूमिका का संदेश, उत्कृष्ट खिलाड़ियों और विद्यार्थियों का हुआ सम्मान