टोक्यो
उत्तरी जापान में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण परिवहन सेवाएं बाधित हो गईं तथा सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने यामागाटा और अकिता प्रांत के कई शहरों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की। इन शहरों में अब तक गर्म हवाएं चलने के कारण उमस भरा मौसम था।
प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा ने प्रभावित इलाकों के लोगों से मौसम संबंधी जानकारियों पर लगातार नजर बनाए रखने और “सुरक्षा को प्राथमिकता देने’’ की अपील की।
अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, अकिता प्रांत के युजावा शहर में एक व्यक्ति सड़क निर्माण स्थल पर भूस्खलन की चपेट में आने के बाद लापता हो गया।
एजेंसी के मुताबिक, युजावा में बचाव कर्मियों ने नाव की मदद से बाढ़ग्रस्त क्षेत्र से 11 प्रभावितों को सुरक्षित निकाला।
पड़ोसी यामागाटा प्रांत में सबसे अधिक प्रभावित युजा और सकाटा कस्बों में एक घंटे के भीतर 10 सेंटीमीटर (चार इंच) से अधिक बारिश हुई।
क्षेत्र के हजारों लोगों को ऊंचे एवं सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई थी। हालांकि, शरण लेने वाले लोगों की संख्या के बारे में तत्काल जानकारी नहीं मिल पाई है।
पूर्वी जापान रेलवे कंपनी के अनुसार, यामागाटा शिंकानसेन बुलेट ट्रेन सेवाएं बृहस्पतिवार को आंशिक रूप से निलंबित कर दी गईं।
एजेंसी ने शुक्रवार शाम तक क्षेत्र में लगभग 20 सेंटीमीटर (आठ इंच) अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान जताया और लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया।

More Stories
पुतिन पहुंचे नई दिल्ली, जानिए कब हुई थी मोदी और पुतिन की पहली मुलाकात, रूस ने 24 साल पुरानी फोटो शेयर कर ताजा की ऐतिहासिक यादें
खटास के साथ खत्म हुई G20 समिट, ट्रंप के बायकॉट से खफा रामफोसा ने नहीं सौंपी औपचारिक अध्यक्षता
रोहित शर्मा-विराट कोहली ने लगा दी रिकॉर्डों की झड़ी, भारत ने आखिरी वनडे 9 विकेट से जीता, सीरीज गंवाई