सरगुजा.
सरगुजा जिले के उदयपुर थाना इलाके में सूरजपुर मुख्य मार्ग पर गांव पलका टावर के पास सोमवार को होली की रात बड़ा सड़क हादसा हो गया, हादसे होने से होली के रंग में भंग हो गया। घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, होली पर रात करीब 8:00 बजे पलका में अर्टिगा कार और बाइक सवारों की आमने सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। बाइक के परखच्चे उड़ गए। कार सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। इस दौरान पैदल चल रहे एक व्यक्ति को दुर्घटनाग्रस्त बाइक ने अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में एक व्यक्ति रवि की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी गंभीर रूप से घायल सचिन, विजय, संदीप और एक अन्य को उदयपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। घायलों में से दो लोग सचिन और संदीप को जिला अस्पताल अंबिकापुर के लिए रेफर किया, यहां से रायपुर रेफर किया गया, रायपुर पहुंचने से पहले ही सचिन और संदीप ने एंबुलेंस में दम तोड़ दिया।
नहीं मिली 108 की सुविधा भड़के स्थानीय लोग
उधर, 108 की सुविधा नहीं मिलने से घायलों को जिला भेजने में देरी होने पर लोगों ने काफी आक्रोश जताया। लोगों को भड़कता देख बीएमओ द्वारा उदयपुर अस्पताल की एंबुलेंस से दो गंभीर घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा गया।
गमगीन हुआ माहौल
तीनों मृतकों के शवों के पोस्टमार्टम सीएचसी उदयपुर के चिकित्सकों द्वारा किए गए। इस दौरान परिजन और अन्य लोगों की भीड़ लगी रही। विधायक राजेश अग्रवाल ने मृतक परिवारों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है।

More Stories
छत्तीसगढ़ में 208 नक्सलियों ने किया 153 घातक हथियारों के साथ आत्मसमर्पण
छत्तीसगढ़ की संस्कृति में सभी के प्रति सम्मान और आभार की भावना, हरेली तिहार के आयोजन में बोले सीएम साय
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने की इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा : बस्तर से सरगुजा तक डिजिटल क्रांति का विस्तार, 5000 मोबाइल टावर का लक्ष्य तय