भोपाल: 13 जून 2025
भोपाल मंडल पर ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ अभियान के अंतर्गत यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु निरंतर सतर्कता एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 6 पर एक संदिग्ध व्यक्ति को यात्रियों का सामान चोरी करने की नीयत से घूमते हुए रेलवे सुरक्षा बल द्वारा पकड़ा गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि शाम 6 बजे आरपीएफ के आरक्षक श्री कृष्ण कुमार एवं आरक्षक श्री अनिल शर्मा द्वारा उक्त संदिग्ध व्यक्ति को संदेहास्पद गतिविधियों के आधार पर रोका गया। पूछताछ में उसकी पहचान राहुल जाट, उम्र – 32 वर्ष, निवासी ग्राम कन्हैया, भोपाल (म.प्र.) के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान उसके पास कोई वैध यात्रा दस्तावेज अथवा चोरी का सामान प्राप्त नहीं हुआ, किंतु उसकी गतिविधियाँ संदिग्ध पाई गईं। बिना टिकट यात्रा और संदेहास्पद रूप से स्टेशन परिसर में घूमने पर उसके विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 145 व 147 के अंतर्गत विधिसम्मत कार्यवाही की गई।
उक्त आरोपी को अग्रिम कानूनी प्रक्रिया हेतु माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
रेल प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसरों में अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे तत्वों पर निगरानी एवं कार्यवाही की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।

More Stories
भीषण अग्निकांड: भ्रस्टाचार की बलि चढ़ते लोग, क्या कभी प्रशासन लेगा सबक
एम्स भोपाल के आयुष विभाग ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में तीन सप्ताहीय योग गतिविधियों का शुभारंभ किया
अभाविप प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया को सौंपा ज्ञापन