इंदौर
गुजरात के व्यापारिक महत्व के दो प्रमुख शहर सूरत और राजकोट के लिए इंदौर से सीधी हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। इससे व्यापार के लिए गुजरात जाने वाले व्यापारियों को खास तौर पर फायदा होगा। विमान कंपनी इंडिगो 21 अगस्त से दोनों शहरों के लिए उड़ान शुरू करेंगी।
अब तक गुजरात के दोनों औद्योगिक शहरों के लिए सीधी हवाई कनेक्टिविटी नहीं थी। विमान कंपनी ने जुलाई में आखिरी सप्ताह में उड़ान शुरू करने की घोषणा करते हुए बुकिंग शुरू कर दी थी। ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन आफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन का कहना है कि कपड़े, हीरे, हार्डवेयर और अन्य मैन्युफेक्चरिंग उद्योग के कारण इंदौर और आसपास के कई व्यापारी इन दोनों शहरों में खरीदारी करने जाते हैं।
सड़क मार्ग से जाने में 10 से 15 घंटे का समय लगता है। अब सीधी उड़ान शुरू होने से व्यापारी डेढ़ से दो घंटे में पहुंच जाएंगे। टूरिज्म की दृष्टि से भी दोनों शहर महत्वपूर्ण हैं।
इन शहरों से कनेक्टिविटी
इंदौर एयरपोर्ट से दोनों उड़ानें शुरू होने के बाद देश के 30 शहरों के हवाई सेवाओं का जुड़ाव हो जाएगा। अभी दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, बेंगलुरु, जयपुर, हैदराबाद, रायपुर, पुणे, कोलकाता, चंड़ीगढ़, जबलपुर, नागपुर, गोवा, चेन्नई, उदयपुर, शिरडी नासिक, बेलागावी, प्रयागराज आदि शहरों के लिए सीधी विमान सेवा उपलब्ध है।
समर शेड्यूल में हुई थी घोषणा
इंडिगो ने समर शेड्यूल में 1 मई से इंदौर से सूरत और राजकोट के लिए सीधी उड़ान शुरू करने का शेड्यूल जारी किया था। बाद में किसी कारण से फ्लाइट को 1 जुलाई तक बढ़ाते हुए बुकिंग शुरू की गई थी। दूसरे रूट पर विमान की मांग ज्यादा होने के कारण कंपनी ने बुकिंग बंद कर दी। अब 21 अगस्त से उड़ान शुरू हो रही हैं।
सूरत से वापसी का समय सही
फेब्रिकेशन का काम करने वाले मनीष कुमार का कहना है कि सूरत उड़ान का समय सही है। व्यापारी इंदौर में अपना काम व्यवस्थित कर विमान से दोपहर में सूरत पहुंच जाएंगे। देर रात तक काम करने के बाद अगले पूरे दिन भी व्यापार से जुडे काम कर सकेंगे। शाम को वापसी की उड़ान होने से दो दिन मिल जाएंगे। राजकोट उड़ान में एक ही दिन काम करने को मिलेगा।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू