भोपाल: 25 जनवरी 2025
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि महाकुंभ न केवल भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है, बल्कि यह धर्म, अध्यात्म और मानवता का संगम है। उन्होंने इस अद्वितीय आयोजन के सफल संचालन के लिए प्रशासन और संत समाज की सराहना की। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल महाकुंभ के पवित्र अवसर पर प्रयागराज में विभिन्न धार्मिक आयोजनों में शामिल हुए और संत समाज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल जगद्गुरु रामानंदाचार्य शिविर में तुलसीपीठाधीश्वर जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने श्री रामभद्राचार्य जी के साथ आध्यात्मिक चर्चा की। इसके बाद उन्होंने आचार्य रामचन्द्रदास जी के मुखारविंद से कथा श्रवण का लाभ अर्जित किया और उपस्थित भक्तजनों से संवाद भी किया।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने अखिल भारतीय सैन भक्तिपीठ में श्री श्री 1008 सैनाचार्य स्वामी अचलानंदचार्य महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही रामायणी कुटी शिविर (चित्रकूट) में उपस्थित विभिन्न संतों से अनुग्रह प्राप्त करते हुए आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की।
उन्होंने महाकुंभ मेला क्षेत्र स्थित अखिल भारतीय वनिता आश्रम में सपत्नीक धार्मिक अनुष्ठान, हवन एवं पूजन किया। इस अवसर पर संत समाज की उपस्थिति में उन्होंने साधु-संन्यासियों से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और समस्त मानव समाज के कल्याण एवं मंगल की कामना की।

More Stories
भीषण अग्निकांड: भ्रस्टाचार की बलि चढ़ते लोग, क्या कभी प्रशासन लेगा सबक
एम्स भोपाल के आयुष विभाग ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में तीन सप्ताहीय योग गतिविधियों का शुभारंभ किया
अभाविप प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया को सौंपा ज्ञापन