छतरपुर
मध्य प्रदेश में चल रही बाबा बागेश्वर की हिंदू एकता पदयात्रा जहां हर दिन बड़ा रूप लेती जा रही है, वही अपार जनसमर्थन के बीच अब देश को हिंदू राष्ट्र घोषित करने की मांग भी तेज हो गई है. इस यात्रा के मुखिया पंडित धीरेंद्र शास्त्री इस मांग को खुद उठा रहे हैं तो उनकी इस मांग के समर्थन में भी लोग आ रहे हैं.
इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान में एमपी सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने बाबा बागेश्वर की मांग के पक्ष में खड़े हो गए हैं. दमोह पहुंचे मंत्री प्रहलाद पटेल ने उनकी इस यात्रा को लेकर बड़ा बयान दिया है.
बाबा बागेश्वर की यात्रा को पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने बड़ी यात्रा करार दिया है. उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री बड़े संत हैं. उनके अनुयायी भी बहुत हैं. सनातनी होने के नाते वो यात्रा से खुश हैं. हिंदू राष्ट्र की मांग पर पटेल ने साफ कहा कि यदि हमारे साधु संत ऐसी मांग करते हैं तो किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए बल्कि हर हिंदू को गर्व होना चाहिए.
ओरछा तक जाएगी बाबा की यात्रा
दरअसल, बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री पिछले कुछ दिनों से 'हिंदू एकता यात्रा' पर हैं. मध्य प्रदेश में चल रही इस यात्रा में भारतीय जनता पार्टी के कई बड़े नेता शामिल हो रहे हैं. यह यात्रा बागेश्वर धाम से ओरछा तक जाएगी.
जगह-जगह यात्रा का स्वागत
बाबा बागेश्वर की इस यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह चरम पर है. उनकी हिंदू एकता यात्रा जहां से भी गुजर रही है, वहां घरों के सामने लोग फूलों की वर्षा कर रहे हैं. धीरेंद्र शास्त्री की एक झलक पाने को लोग यात्रा मार्ग पर बेताब दिखाई देते हैं. इस यात्रा में जगह-जगह महिलाएं उनकी आरती कर रही हैं तो यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए खाने पीने की भी व्यवस्था की जा रही है. इस यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है.

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू